बार-बार आश्वासन के बावजूद नहीं शुरू हुआ सड़क मरम्मत कार्य, किसान महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी, 23 जून। बागजाला (गौलापार) क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार से मुलाकात कर सड़क मरम्मत के लिए बजट आवंटित होने और बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद कार्य शुरू न किए जाने पर नाराजगी जताई।


प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस पर अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि बागजाला गांव की सड़कों की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि अखिल भारतीय किसान महासभा, बागजाला कमेटी द्वारा 17 मार्च 2026 को धरना-प्रदर्शन के बाद अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया था। उस दौरान विभाग की ओर से सड़क मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जब कार्य शुरू नहीं हुआ, तो 27 अप्रैल और 9 जून को पुनः ज्ञापन देकर विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया।
इसके बावजूद अब तक सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं होने से बागजाला क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। किसान महासभा के नेताओं का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि इस बार भी विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में किसान महासभा बागजाला कमेटी की अध्यक्ष डॉ. उर्मिला रैस्वाल, भाकपा (माले) नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय, विमला देवी, प्रेम सिंह नयाल, मीना भट्ट, हेमा आर्य, पंकज चौहान, चन्दन सिंह मटियाली, नंद किशोर और हेमा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
I7 NEWS लगातार इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए है।
