ज्योलिकोट में स्वास्थ्य सेवाएं जारी, नए पीलिया-डायरिया मामलों में कमी
नैनीताल, 28 सितंबर 2026। ज्योलिकोट प्रभावित क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। स्वास्थ्य टीमों द्वारा स्वास्थ्य जांच, ब्लड टेस्ट, उपचार, काउंसलिंग और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।


ज्योलिकोट में 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में सोमवार को 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं बेलवाखान में 30 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 42 लोगों के ब्लड टेस्ट, 113 लोगों की काउंसलिंग और 16 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं।

पीलिया और डायरिया के नए मामलों में कमी
स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी और जांच के बीच क्षेत्र में पीलिया एवं डायरिया के नए मामलों में अब कमी दर्ज की जा रही है। ब्लड सैंपलों की री-टेस्टिंग में भी स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सैंपलिंग का काम लगातार जारी है।
सीएमओ ने ग्रामीणों से किया जनसंपर्क
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने ग्राम ज्योली में ग्रामीणों से जनसंपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित भोजन के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करने और समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की।
रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
सीएमओ ने ज्योलिकोट क्षेत्र के रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संचालकों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और ग्राहकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य टीमों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य टीमों से क्षेत्र में चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच, निगरानी, जनजागरूकता और आवश्यक उपचार सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मलुवाताल में 77 लोगों की जांच
सीएमओ के निर्देश पर मलुवाताल क्षेत्र में भी स्वास्थ्य टीम भेजी गई। टीम ने वहां 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण किया।
स्वच्छ पानी और साफ-सफाई की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उल्टी-दस्त, पीलिया, बुखार या अन्य असामान्य स्वास्थ्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
