कालाढूंगी में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, तीन खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
कालाढूंगी। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को कालाढूंगी बाजार में आधा दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला स्तर पर गुणवत्ता जांच के लिए तीन खाद्य नमूने लिए गए। इनमें एक खुला पनीर, एक कार्बोनेटेड कैफीनटेड बेवरेज और एक कार्बोनेटेड बेवरेज लेमिनाटा का नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।


वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान मिठाई और किराना कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल और आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराने तथा कर्मचारियों का नियमित मेडिकल फिटनेस परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। मिलावट या खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना, ग्राहकों को बिल/कैश मेमो देना, FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र प्रदर्शित करना तथा खराब या कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह हो तो तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
I7 News | कालाढूंगी
