चरस लोहाघाट से एकत्रित कर बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने की थी तैयारी, STF जुटा रही तस्करी नेटवर्क की जानकारी

चम्पावत/हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
बरेली में बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोहाघाट क्षेत्र से चरस एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था।
STF और लोहाघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने गोपनीय सूचनाएं विकसित करते हुए थाना लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी STF
STF अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब चरस की आपूर्ति के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और आरोपी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की ओर से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे।
वहीं थाना लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, आरक्षी कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे।
STF की आमजन से अपील
STF उत्तराखंड ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
I7 NEWS | उत्तराखंड की हर बड़ी खबर पर नजर
i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें
उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।