आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, अधिकारियों को त्वरित राहत के निर्देश
भीमताल। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
क्षतिग्रस्त सड़कों और पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला एवं क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।


आपदा नुकसान का जल्द आकलन करने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान का पारदर्शी और शीघ्र आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार राहत और मुआवजा जल्द उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के अंतर्गत परबड़ा पहुंचकर स्वर्गीय गोपाल सिंह, पुत्र लाल सिंह, के परिजनों से मुलाकात की। अक्सोड़ा के जंगल में पिछले माह हुए उनके दुखद निधन पर मंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त की और आपदा मद से मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
अति-संवेदनशील क्षेत्रों में होंगे सुरक्षा कार्य
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को अति-संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक एवं प्रोटेक्शन कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की बहाली सरकार की प्राथमिकता है।
“लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी”
स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि आपदा की इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
