2027 की तैयारी में जुटी पहाड़ी आर्मी, हल्द्वानी में हुआ विशाल पहाड़ी जन सम्मेलन
हल्द्वानी। पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड जिला नैनीताल द्वारा रविवार को हल्द्वानी स्थित रुद्राक्ष बैंकट हॉल में विशाल “पहाड़ी जन सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में पहाड़ी समाज के लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
सम्मेलन को 2027 की राजनीतिक और सामाजिक तैयारी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वक्ताओं ने पहाड़ी समाज को संगठित होकर अपनी अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार गणेश पाठक, समाजसेवी संतोष नेगी एवं कैप्टन वीर चंद बसेरा मौजूद रहे।


वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ की भाषा, खानपान, संस्कृति, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय संसाधनों को बचाने के लिए अब व्यापक जनजागरण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मूल निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता, गाय को राज्य माता का दर्जा और पहाड़ी संस्कृति संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर समाज को एकजुट होना होगा।

पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड के संस्थापक अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि आने वाला समय पहाड़ी समाज के लिए निर्णायक होने वाला है। उन्होंने कहा कि 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन गांव-गांव तक अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है और पहाड़ी हिंदू सशक्तिकरण अभियान को तेज किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोग राज्य के संसाधनों पर कब्जा कर रहे हैं, जिससे स्थानीय पहचान और संस्कृति खतरे में पड़ रही है।
हरीश रावत ने कहा कि वर्षों से चल रहे संगठनात्मक कार्यों और बढ़ते जनसमर्थन से यह साफ है कि पहाड़ी समाज अब अपनी अस्मिता बचाने के लिए एकजुट हो रहा है। उन्होंने युवाओं से भी संगठन से जुड़कर पहाड़ के मुद्दों को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राम पांडे और पूर्व शिक्षिका रमा भट्ट ने किया। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष फौजी राजेंद्र कांडपाल, नगर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, प्रेमा मेर, अंजू पांडे, भुवन पांडे, महेश भट्ट, गीता बिष्ट, हरेंद्र राणा, हिमांशु शर्मा, रमा पांडे, नीमा भट्ट, संजय वर्मा, जोत सिंह, मनोज रावत, प्रेम प्रकाश मेहता, दीपा बोरा, विनोद बिष्ट, गोविंद नबियाल, पूर्णिमा पांडे, खुशहाल सिंह महर, सुजान सिंह दसौनी, हेम चंद्र, लाल सिंह रावत, सूबेदार मेजर मनोज रावत और सूबेदार मेजर अशोक पांडे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
