Sunday, June 14, 2026 | Loading...
BREAKING NEWS
वोटर वेरिफिकेशन फॉर्म को लेकर जरूरी जानकारी, ऐसे भरें फॉर्म और रखें ये दस्तावेज तैयारकैंची धाम महोत्सव 2026 : प्रशासन ने कसी कमर, 24 अधिकारियों की ड्यूटी तय, सुरक्षा से लेकर सफाई तक रहेगी कड़ी निगरानी2027 की तैयारी में जुटी पहाड़ी आर्मी, हल्द्वानी में हुआ विशाल पहाड़ी जन सम्मेलनकैंची धाम स्थापना दिवस पर हाई अलर्टकैंचीधाम महोत्सव को लेकर कुमाऊं टैक्सी महासंघ की अपील, यात्रियों को सुरक्षित सेवा देने का आह्वानवोटर वेरिफिकेशन फॉर्म को लेकर जरूरी जानकारी, ऐसे भरें फॉर्म और रखें ये दस्तावेज तैयारकैंची धाम महोत्सव 2026 : प्रशासन ने कसी कमर, 24 अधिकारियों की ड्यूटी तय, सुरक्षा से लेकर सफाई तक रहेगी कड़ी निगरानी2027 की तैयारी में जुटी पहाड़ी आर्मी, हल्द्वानी में हुआ विशाल पहाड़ी जन सम्मेलनकैंची धाम स्थापना दिवस पर हाई अलर्टकैंचीधाम महोत्सव को लेकर कुमाऊं टैक्सी महासंघ की अपील, यात्रियों को सुरक्षित सेवा देने का आह्वान

कैंची धाम महोत्सव 2026 : प्रशासन ने कसी कमर, 24 अधिकारियों की ड्यूटी तय, सुरक्षा से लेकर सफाई तक रहेगी कड़ी निगरानी

| June 14, 2026 | 3 hours ago | 1 min read

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं महोत्सव-2026

को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। 15 जून को आयोजित होने वाले महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने विस्तृत आदेश जारी करते हुए 24 अधिकारियों एवं विभागीय जिम्मेदारों की तैनाती की है। अधिकारियों को मंदिर परिसर, पार्किंग, यातायात, सफाई, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार प्रभारी वनाधिकारी नैनीताल वन प्रभाग अशोक गंगवार को मंदिर परिसर और नदी क्षेत्र की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें नदी में गंदगी रोकने, सफाई व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं को नदी में स्नान या भ्रमण से रोकने और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिला मजिस्ट्रेट विवेक राय को कैंची महोत्सव का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे मंदिर परिसर, पार्किंग, एंट्री-एग्जिट और शटल सेवाओं की मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखेंगे।

नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा को हल्द्वानी से कैंची धाम तक सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच.सी. पंत को मंदिर परिसर में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और 24×7 चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तु और अधिशासी अभियंता हरीश पांगती को सड़क मार्गों की निगरानी और राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढामुक्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार को भीमताल पार्किंग और शटल सेवा स्थलों पर पानी, बिजली और अस्थायी शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी अनज प्रसाद बाजपेयी को हल्द्वानी बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा और भीड़ नियंत्रण का दायित्व दिया गया है। उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या को कैंची धाम मुख्य प्रवेश द्वार और शूज स्टैंड क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलिक को भवाली सैनिटोरियम और बाईपास मार्ग की पार्किंग एवं शटल सेवाओं की मॉनिटरिंग सौंपी गई है, जबकि डिप्टी कलेक्टर रेखा कोहली को भवाली से भीमताल मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी मिली है।

अपर उप जिलाधिकारी दिव्यांशु मीणा को भवाली से कैंची धाम तक अस्थायी पार्किंग, साइनेज, लाइट और सफाई व्यवस्था की निगरानी करनी होगी। परिवहन विभाग के अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडे और गुरुदेव सिंह को शटल सेवाओं के संचालन, वाहनों की उपलब्धता और ओवरचार्जिंग रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

एनएच और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भवाली से कैंची धाम और रानीबाग मार्ग को दुरुस्त रखने तथा रास्तों पर मौजूद अवरोध हटाने की जिम्मेदारी दी गई है। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार सहगल को विद्युत सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और लटकते तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जल संस्थान के अधिकारी राकेश सिंह ग्वाल को पेयजल व्यवस्था और टैंकरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र कुंवर सिंह को फायर सेफ्टी उपकरणों और अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।

जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी को मंदिर परिसर और विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड, संकेतक और श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रतीक जोशी को अतिरिक्त पीआरडी जवानों की तैनाती और उनकी ब्रीफिंग का दायित्व सौंपा गया है।

नगर पालिका भवाली के अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार को भवाली से कैंची धाम मार्ग पर सफाई कर्मियों की तैनाती, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। वहीं नगर पालिका भीमताल और जिला पंचायत नैनीताल को भी पार्किंग स्थलों और मंदिर क्षेत्र में सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशासन ने महोत्सव के दौरान कई गतिविधियों पर प्रतिबंध भी लगाया है। मंदिर क्षेत्र में हॉर्न बजाना, प्लास्टिक का उपयोग, धूम्रपान और तंबाकू सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया रील्स, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी रोक लगाई गई है। कैंची धाम से भवाली के बीच सड़क किनारे फड़-खोखे और अव्यवस्थित स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को 13 जून से अपने ड्यूटी स्थलों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

Link copied to clipboard!