बार-बार आश्वासन के बावजूद नहीं सुधरी बागजाला की सड़कें, किसान महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी
हल्द्वानी, 9 जून। अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन उनकी अनुपस्थिति में सहायक अभियंता दिनेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में बागजाला (गौलापार) क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत न होने पर ग्रामीणों के भारी आक्रोश को व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

किसान महासभा के प्रतिनिधियों ने बताया कि इससे पूर्व 17 मार्च 2026 को लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया था। उस दौरान अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि बागजाला की सड़क की मरम्मत तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी। साथ ही 13.31 लाख रुपये के स्वीकृत बजट के अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर विभागीय मरम्मत मद से भी धन उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

इसके बावजूद एक माह से अधिक समय बीत जाने पर भी सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को पुनः विभाग को ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि विभाग लगातार बहाने बनाकर काम टाल रहा है। पहले सर्द मौसम का हवाला दिया गया और अब बरसात का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागजाला की जनता यह जानना चाहती है कि क्या सड़क सुधार का कार्य केवल आंदोलन के बाद ही शुरू होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. कैलाश पाण्डेय, किसान महासभा बागजाला की कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम सिंह नयाल, हरक सिंह बिष्ट, नंदी देवी और दौलत सिंह कुंजवाल शामिल रहे।
