जनसंवाद के दूसरे दिन विधायक बेहड़ ने 6 गांवों में सुनी समस्याएं, 18.47 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
रुद्रपुर। विधायक तिलक राज बेहड़ ने जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन क्षेत्र के नजीमाबाद, मत्स्य कॉलोनी, पहाड़ी कॉलोनी, माता फार्म, कलकत्ता फार्म एवं रुद्रपुर सानी गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विधायक निधि से कराए गए 18.47 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया।

लोकार्पित कार्यों में मत्स्य कॉलोनी में 2.76 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, नजीमाबाद मेन में नहर पुलिया पर 1.19 लाख रुपये से लोहे की ग्रिल रेलिंग निर्माण, रुद्रपुर सानी में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, पहाड़ी कॉलोनी में 3.51 लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण, सर्विस रोड से बलवंत सिंह के घर तक 1.01 लाख रुपये की सड़क निर्माण तथा माता फार्म स्थित गुरुद्वारे में 5 लाख रुपये की लागत से हॉल निर्माण कार्य शामिल हैं।


इस मौके पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव का संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है और विधायक निधि का उपयोग जनता की आवश्यकताओं के अनुसार सड़क, पुलिया, हॉल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में किया जा रहा है।

विधायक बेहड़ ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस वित्तीय वर्ष में भी क्षेत्र में कई नई सड़कों और विकास योजनाओं पर तेजी से काम कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देने की बात कही।
गांवों में विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत और अन्य स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, दर्शन कोली, बलवंत सिंह, बलदेव सिंह, अर्जुन यादव, अनिल यादव, विक्रम कोरंगा, सुंदर सिंह, सोनी विर्क, महंत सिंह, रामवतार, शोभाराम, सचिन, बबलू, लेखराम, सन्नी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
