हरेला पर हरियाली का महासंकल्प: नैनीताल में हजारों पौधों का रोपण एक पेड़ माँ के नाम अभियान बना जनआंदोलन

हल्द्वानी/नैनीताल | I7 NEWS
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गुरुवार को जनपद नैनीताल हरियाली के रंग में रंगा नजर आया। जिला मुख्यालय से लेकर विकास खंड, न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और वन पंचायतों तक बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। हजारों पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया गया। इस दौरान लोगों ने केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण का भी सामूहिक संकल्प लिया।


“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन
कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कुमाऊँ कमिश्नरी परिसर, नैनीताल में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।
उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक संरक्षित करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर अपर आयुक्त जीवन सिंह नगन्याल सहित कमिश्नरी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
डीएम ललित मोहन रयाल ने दिया संरक्षण का संदेश
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।
डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और जहां संभव हो वहां लक्ष्य से अधिक पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीडीओ के नेतृत्व में चला व्यापक अभियान
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के नेतृत्व में विकास भवन भीमताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान छायादार, चौड़ी पत्ती वाले, फलदार और पुष्पीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
गांव-गांव तक पहुंचा हरेला का संदेश
जनपद नैनीताल के सभी विकास खंडों, न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों और वन पंचायत क्षेत्रों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, भेषज विभाग, सहकारिता विभाग तथा ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से मानसून अवधि में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मानसून के पूरे मौसम में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक पौधे रोपे जा सकें और हरित क्षेत्र का विस्तार हो।
जनसहभागिता बनी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
हरेला पर्व पर आयोजित कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और भविष्य में भी इस अभियान को जारी रखने का संकल्प लिया।
I7 NEWS की अपील
एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन उसे पेड़ बनाना हमारा कर्तव्य है। हरेला पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि हरियाली, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। आइए, हम सभी “एक पेड़ माँ के नाम” लगाकर प्रकृति को संरक्षित करने का संकल्प लें।
