मंडी बोर्ड के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

I7 NEWS | हल्द्वानी
हल्द्वानी, 07 अगस्त। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित निर्माण खंड कार्यालय में मंडी बोर्ड के सहायक अभियंताओं (AE), कनिष्ठ अभियंताओं (JE) एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में प्रदेशभर में मंडी बोर्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने कहा कि मंडी बोर्ड की ओर से संचालित सभी विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, लोकार्पण और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न लंबित परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में मंडी बोर्ड के माध्यम से चल रहे विकास कार्य किसानों, व्यापारियों और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। ऐसे में सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।
I7 NEWS लगातार उत्तराखंड की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर आप तक पहुंचाता रहेगा।
