हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक 16 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर डिजिटल यूजर चार्ज ऐप लॉन्च विकास कार्यों को मिली रफ्तार

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान कुल 16 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
बैठक की शुरुआत उत्तराखण्ड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर हुई। महापौर ने सभी नवनियुक्त पार्षदों का स्वागत करते हुए नगर हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर निगम ने डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया। निगम का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से यूजर चार्ज वसूली अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी होगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बैठक में महापौर की ओर से 12 तथा पार्षदों की ओर से 4 जनहित प्रस्ताव रखे गए, जिनमें नगर विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
- नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के वर्तमान किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि करने तथा 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर निर्धारित छूट देने का निर्णय।
- शहर में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए 200 नए विद्युत पोल एवं तार लगाए जाएंगे।
- सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई गाड़ियां, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदे जाएंगे।
- नगर निगम मुख्य भवन का विस्तार कर सिंगल विंडो सिस्टम विकसित किया जाएगा।
- सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने पर विचार।
- शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
- 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से जुड़े अवशेष भुगतान की कार्रवाई शासनादेश के अनुरूप की जाएगी।
- गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित किया जाएगा।
- मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाया जाएगा।
- एसडब्ल्यूएम रूल-2026 के तहत उपविधियां बनाने को मंजूरी।
- नगर निगम क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव।
- आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार करने का निर्णय।
- सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगाए जाएंगे।
- यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण भी अनिवार्य कराने का प्रस्ताव।
- आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने और भविष्य में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने का प्रस्ताव।
- पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति भी बोर्ड ने प्रदान की।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरों में शामिल करने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री टोलिया, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा सभी पार्षद उपस्थित रहे।
