रामपुर रोड के गड्ढों पर फूटा गुस्सा, जल निगम और ठेकेदारों के खिलाफ क्षेत्रवासियों का प्रदर्शन

हल्द्वानी: रामपुर रोड की बदहाल सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, जल निगम और ठेकेदारों के खिलाफ प्रदर्शन
हल्द्वानी। रामपुर रोड पर जल निगम द्वारा बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के बाद सड़क की मरम्मत न होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में जल निगम अधिकारियों, प्रशासन और ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान अंजलि वर्मा ने कहा कि रामपुर रोड स्थित पानी की टंकी से गली नंबर-9 तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य करीब दो माह पहले पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क के गड्ढे अब तक नहीं भरे गए हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क खोदे जाने के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। धूल-मिट्टी के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने आरोप लगाया कि जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के नाम पर रामपुर रोड हाईवे को पिछले दो महीनों से खोदकर छोड़ दिया गया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं और कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अंजलि वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, विधायक सुमित हृदयेश, मंत्री राम सिंह कैड़ा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, इसलिए इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की माताएं, बहनें, बुजुर्ग और युवा बड़े स्तर पर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में विशाल वर्मा, अंजलि वर्मा, शिवम वर्मा, संजीव, अतुल राजपाल, वीरेंद्र जोशी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
