हल्द्वानी-काठगोदाम रेलवे सुविधाओं को लेकर देवभूमि व्यापार मंडल ने उठाई आवाज


हल्द्वानी। देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं और रेलवे सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर स्टेशन मास्टर हल्द्वानी के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, गोरखपुर को ज्ञापन भेजा।
देवभूमि व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बगड़वाल एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल बुधवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पहुंचा और विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन व्यापार, पर्यटन और यात्री आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन स्टेशनों से दिल्ली सहित देश के विभिन्न महानगरों के लिए बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से काठगोदाम-हल्द्वानी से संचालित दिल्ली रूट की ट्रेनों के कई-कई घंटे विलंब से चलने के कारण यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
इसके अलावा ज्ञापन में प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 पर गर्मी के मौसम में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने, शौचालयों का निर्माण कराने, बरसात के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए टीन शेड का विस्तार करने तथा ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर (बरेली) को भी भेजी गई है।
इस दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बगड़वाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली, प्रेम चौधरी, त्रिलोक गुप्ता, मोईन बाबा, राम प्रसाद, लक्ष्मी नारायण, जसपाल मालदार, अशोक कश्यप सहित अन्य व्यापारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
