आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमायूँ की कमान, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
नैनीताल। कुमायूँ परिक्षेत्र को नया नेतृत्व मिल गया है। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमायूँ परिक्षेत्र, नैनीताल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और जनसेवा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी निवेदिता कुकरेती ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष फोकस रहेगा।


आईजी कुकरेती ने आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा और भीड़ नियंत्रण की रणनीति लागू की जाएगी।
पत्रकार वार्ता के बाद आईजी निवेदिता कुकरेती स्वयं कैंची धाम पहुंचीं और मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन व्यवस्थाओं और यातायात संचालन का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मंदिर समिति से समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने आधुनिक पुलिसिंग, स्मार्ट तकनीक के उपयोग और पुलिस कर्मियों के कल्याण को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के लिए समन्वित रणनीति अपनाई जाएगी। मीडिया को जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए उन्होंने सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
