कैंची धाम मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, समन्वय बैठक में तय हुई रणनीति
हल्द्वानी, 9 जून 2026। आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मेला एवं विशाल भंडारे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने की।

बैठक में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, पार्किंग, शटल सेवा, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।


पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। साथ ही पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी और काठगोदाम से शटल सेवा संचालित की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सहायता एवं सूचना केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाएगी तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन विभागों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रशासन, परिवहन, पुलिस, रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया तथा मेले को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
