बोर्ड समीक्षा बैठक में दुग्ध संघ की योजनाओं की समीक्षा, अध्यक्ष मुकेश बोरा को जन्मदिन पर मिली शुभकामनाएं

लालकुआं | I7 NEWS


लालकुआं स्थित नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के हड़ियागांव कार्यालय में मंगलवार को बोर्ड समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। बैठक से पहले उनके जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।


बैठक में दुग्ध संघ की विभिन्न योजनाओं, दुग्ध संग्रहण, उत्पादन, विपणन व्यवस्था, वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से बोर्ड को अवगत कराया, वहीं लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों और किसानों का हित ही संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को बेहतर सेवाएं, उचित मूल्य और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विकास योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और गति बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में संचालक मंडल के सदस्य आनंद सिंह नेगी, गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, दीपा बिष्ट, खष्टी देवी, हेमा देवी, पुष्पा देवी सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, लैब प्रभारी रमेश आर्या तथा दुग्ध संघ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
I7 NEWS लगातार आपको उत्तराखंड की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।
