Monday, April 13, 2026 | Loading...
BREAKING NEWS
शादी के कार्ड बांटने निकले पोस्टमैन की संदिग्ध मौत, गधेरे में मिला शवनैनीताल पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’—अपराधियों पर कड़ा प्रहार, 9 गिरफ्तारमुंबई से बड़ी खबर: सुरों की सम्राज्ञी का निधनहल्द्वानी: पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध—आशीष त्रिपाठीहल्द्वानी में रेलवे प्रकरण: पीएम आवास योजना के फार्मों की जांच तेज, 6 टीमें मैदान में उतरींशादी के कार्ड बांटने निकले पोस्टमैन की संदिग्ध मौत, गधेरे में मिला शवनैनीताल पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’—अपराधियों पर कड़ा प्रहार, 9 गिरफ्तारमुंबई से बड़ी खबर: सुरों की सम्राज्ञी का निधनहल्द्वानी: पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध—आशीष त्रिपाठीहल्द्वानी में रेलवे प्रकरण: पीएम आवास योजना के फार्मों की जांच तेज, 6 टीमें मैदान में उतरीं

शादी के कार्ड बांटने निकले पोस्टमैन की संदिग्ध मौत, गधेरे में मिला शव

| April 12, 2026 | 12 hours ago | 1 min read

हल्द्वानी। भुजियाघाट क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति का शव गधेरे में तैरता हुआ मिला। बाद में मृतक की पहचान कोटाबाग के बवलगड़ स्थित डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन नवीन चंद्र के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि नवीन चंद्र 21 अप्रैल को अपनी बड़ी बेटी भावना की शादी के कार्ड बांटने के लिए सुयालबाड़ी गांव जा रहे थे। लेकिन खुशियों का यह सफर मातम में बदल गया। जैसे ही उनकी मौत की खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। छोटी बेटी गुंजन का रो-रोकर बुरा हाल है और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई है।

पुल के नीचे गधेरे में मिला शव

शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि भुजियाघाट बाजार से करीब 20 मीटर पहले पुल के नीचे एक व्यक्ति पानी में डूबा पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि व्यक्ति मुंह के बल पानी में था और उसके पैर मुड़े हुए थे। गधेरे में पानी की गहराई करीब 8 से 10 फीट बताई गई।

स्थानीय लोगों की मदद से जल पुलिस कर्मी प्रताप गाड़िया ने रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान एक काला बैग भी बरामद हुआ, जिसमें आधार कार्ड, शादी के निमंत्रण पत्र समेत अन्य दस्तावेज मिले।

आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान नवीन चंद्र पुत्र गोविंद बल्लभ निवासी बंदरजूड़ा, बैलपोखरा (रामनगर) के रूप में हुई। बैग में उनकी बेटी भावना की 21 अप्रैल को होने वाली शादी का कार्ड भी मिला।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को 108 एंबुलेंस के जरिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के बयान ने बढ़ाया रहस्य

रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि नवीन चंद्र ने शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे फोन कर बताया था कि वह भवाली में किसी रिश्तेदार के घर रुके हैं। उन्होंने खाना खाने और सोने की बात भी कही थी।

लेकिन अगले दिन सुबह से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिलने लगा। देर शाम परिवार को उनके भुजियाघाट में डूबने की सूचना मिली।

परिजनों के मुताबिक, उन्हें समझ नहीं आ रहा कि जो व्यक्ति सुयालबाड़ी (अल्मोड़ा मार्ग) जा रहा था, वह भुजियाघाट कैसे पहुंच गया। साथ ही मृतक का मोबाइल भी अब तक बरामद नहीं हुआ है।

शादी वाले घर में पसरा मातम

जहां एक तरफ घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब पूरा परिवार गहरे सदमे में है। शादी की खुशियां मातम में बदल चुकी हैं।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

Link copied to clipboard!