नैनीताल पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी, 31 पुलिसकर्मी सम्मानित


नैनीताल पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी, 31 पुलिसकर्मी सम्मानित
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. (आईपीएस) ने दिनांक 24 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन नैनीताल में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, आगामी आयोजनों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना तथा बेहतर पुलिसिंग को प्रोत्साहित करना रहा।
गोष्ठी की शुरुआत में एसएसपी नैनीताल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना और अच्छे कार्यों को सम्मान देना विभाग की प्राथमिकता है, जिससे बेहतर कार्य संस्कृति विकसित हो सके।

बैठक में विंटर कार्निवल, क्रिसमस पर्व, पर्यटन सीजन, 31 दिसंबर और नववर्ष 2026 के आयोजनों को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, प्रभावी डाइवर्जन प्लान तैयार किया जाए तथा पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित किया जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए आयोजन स्थलों पर डबल बैरीकेडिंग, लेयरवाइज सुरक्षा और PA सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने बम डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और इंटेलिजेंस यूनिट को सभी कार्यक्रम स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग करने के आदेश दिए। फायर यूनिट्स को फायर टेंडर के साथ अलर्ट मोड में रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया। जिले के एंट्री प्वाइंट्स और बॉर्डर क्षेत्रों पर पिकेट व बैरियर लगाकर निरंतर चेकिंग के निर्देश भी दिए गए।

प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी थाना, चौकी और इकाई प्रभारियों को बेहतर लीडरशिप के साथ कार्य करने, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी फील्ड यूनिट्स को खानापूर्ति नहीं बल्कि प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। एसएसपी ने यह भी निर्देशित किया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर्यटकों और आम जनता से शालीनता के साथ व्यवहार करे, ताकि मित्र पुलिस की सकारात्मक छवि जनता के बीच बनी रहे।

