जमरानी बहुद्देशीय परियोजना में बड़ी सफलता, डायवर्जन टनल की 600 मीटर खुदाई पूरी
हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित जमरानी बहुद्देशीय परियोजना के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। परियोजना की डायवर्जन टनल-2 (8.10 मीटर व्यास) की 600 मीटर लंबाई की खुदाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। यह कार्य फरवरी 2025 में प्रारंभ किया गया था और जटिल भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों के बावजूद इसे निर्धारित मानकों और सुरक्षा निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया।


परियोजना अधिकारियों के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ अब अगले चरण—टनल लाइनिंग और अन्य संरचनात्मक कार्यों—के लिए रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में इन कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे परियोजना की गति और तेज होने की उम्मीद है।
जमरानी परियोजना लंबे समय से क्षेत्र के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। इसके पूरा होने पर न केवल सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि जल प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।

इस मौके पर महाप्रबंधक एम० के० खरे, उप महाप्रबंधक बी०बी० पाण्डे और ललित बिष्ट, परियोजना प्रबंधक अजय पंत, योगेश काण्डपाल और उमेश अग्रवाल सहित के प्रतिनिधि एवं पीआईयू जमरानी साइट के सभी फील्ड स्टाफ मौजूद रहे।
परियोजना टीम के समन्वित प्रयासों से हासिल यह मील का पत्थर आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
