रॉयल राइडर्स पंजाब ने कोनार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रनों से हराया,
हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 के पांचवें मुकाबले में रॉयल राइडर्स पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोनार्क सूर्यास ओडिशा को 43 रनों से हरा दिया। वहीं सोमवार को एलएलसी 2026 के छठे मुकाबले में भारतीय कप्तान की टीम सदर्न सुपर स्टार्स से भिड़ेगी।


पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल राइडर्स पंजाब ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद ने 35 गेंदों में 41 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं दनुष्का गुनातिलका ने 21 गेंदों में 23 रन और चतुरंगा डी सिल्वा ने 19 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

अंतिम ओवरों में थिसारा परेरा और एंजेलो परेरा के योगदान से पंजाब ने प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोनार्क सूर्यास ओडिशा की टीम रॉयल राइडर्स पंजाब की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। टीम की ओर से मोर्ने वैन विक ने 38 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 20 ओवरों में 113 रन पर ऑल आउट हो गई।

पंजाब की ओर से एंजेलो परेरा, थिसारा परेरा और फरमान अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके। वहीं आफताब आलम, ऋषि धवन और चतुरंगा डी सिल्वा ने एक-एक विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
