बिना सत्यापन किरायेदार रखने वालों पर नैनीताल पुलिस सख्त, रामनगर में 10 हजार का चालान
रामनगर। जनपद को अपराध मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा किरायेदार सत्यापन अभियान को और तेज कर दिया गया है। बिना सत्यापन किरायेदार रखने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद भर में सघन सत्यापन अभियान चलाकर किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी रामनगर श्री सुमित पांडे के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर श्री सुशील कुमार के नेतृत्व में रामनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर एक मकान मालिक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
10 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान
पुलिस जांच में पाया गया कि आशा जोशी पत्नी कैलाशचंद जोशी, उम्र 52 वर्ष, निवासी कानिया चौक, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल ने अपने मकान में किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर रामनगर पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत मकान मालिक का 10 हजार रुपये का चालान किया।
नैनीताल पुलिस की आम जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपराध नियंत्रण की दिशा में सख्ती
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
