हल्द्वानी: बनभूलपुरा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने PM आवास योजना फॉर्म भरने में की मदद,
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर प्रशासन द्वारा लगाए गए कैंपों में प्रधानमंत्री आवास योजना के फॉर्म भरवाने का कार्य जारी है। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए स्थानीय लोगों की सहायता की।


मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महमूद हसन बंजारा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी छह कैंपों पर पहुंचकर अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों के फॉर्म भरवाने में सहयोग करें। उनके निर्देश पर पूरे दिन कार्यकर्ता कैंपों में मौजूद रहे और लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए फार्म भरवाने में मदद करते नजर आए।
प्रदेश उपाध्यक्ष इसरार हुसैन ने कहा कि उच्च न्यायालय और प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि हर कैंप पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी के फॉर्म सही तरीके से भरकर जमा हो सकें।
इस दौरान पूर्व उपाध्यक्ष जहीर अंसारी, कुमाऊं प्रभारी महबूब अली, जिला कोषाध्यक्ष जियाउद्दीन कुरैशी और महानगर अध्यक्ष अनवर अली खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि कुछ लोगों द्वारा फैलाए गए भ्रम के कारण कई लाभार्थी अपने फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं। ऐसे में फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि सभी पात्र लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महमूद हसन बंजारा ने कहा कि कैंपों की वास्तविक स्थिति से प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ के माध्यम से सरकार और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और समय सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा।
इस मौके पर जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी लाल मोहम्मद, नाजिम बंजारा, जिला महामंत्री अशफाक खान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से कार्य संपन्न कराने के लिए प्रशासन और उच्च न्यायालय की टीम का आभार व्यक्त किया।
