राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, गुरुद्वारे में टेका मत्था
उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने सोमवार को नैनीताल स्थित प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत दर्शन कर मां नयना देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर दर्शन के बाद राज्यपाल नैनीताल झील के समीप स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर अरदास की।

राज्यपाल ने गुरुद्वारा प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली और श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे प्रबंधों की सराहना की।राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि मां नयना देवी मंदिर में दर्शन करने से उन्हें विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि हर बार यहां आने पर उन्हें एक अलग प्रकार का आशीर्वाद और आत्मिक आनंद प्राप्त होता है।उन्होंने नैनीताल स्थित गुरुद्वारा साहिब को भी आध्यात्मिक वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम बताया।

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों पर आने से आत्मा सकारात्मक ऊर्जा से भर जाती है तथा नई प्रेरणा मिलती है।राज्यपाल ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों का समाज में विशेष महत्व है, जहां आस्था के साथ आत्मिक संतोष और मानसिक शांति का अनुभव होता है।
