बनभूलपुरा में शिविरों की सुरक्षा का लिया गया जायजा, पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
📰 I7 न्यूज़ | हल्द्वानी


हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में संचालित विभिन्न शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल ने क्षेत्र में लगे शिविरों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

यह निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों के क्रम में किया गया। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित इन शिविरों का संचालन रेलवे स्टेशन हल्द्वानी, अंजुमन इस्लामिया बालिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय किदवई नगर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बनभूलपुरा, राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा एवं मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल में किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी शिविर स्थलों पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अनुशासन बनाए रखना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अलावा पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा श्री दिनेश फर्त्याल, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ-साथ जीआरपी/रेलवे पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
👉 I7 न्यूज़ आपके साथ, हर अपडेट सबसे पहले
