राज्य

विधायक निधि की फाइल 16 दिन तक क्यों रोकी? CDO अरविन्द कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से मांगा जवाब

शेयर करें: WhatsApp Facebook Twitter
विधायक निधि की फाइल 16 दिन तक क्यों रोकी? CDO अरविन्द कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से मांगा जवाब

भीमताल। कार्यालयीय कार्यों में देरी और लापरवाही को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविन्द कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला विकास कार्यालय में पत्रों के डिस्पैच में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती सीमा टम्टा से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

11 नवंबर को साइन हुई विधायक निधि की फाइल, 27 नवंबर तक नहीं हुई डिस्पैच

मामले में सबसे गंभीर पहलू विधायक निधि से संबंधित पत्र का है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को विधायक निधि से संबंधित पत्र पर हस्ताक्षर होने के बावजूद 27 नवंबर की अपराह्न तक उसका डिस्पैच नहीं किया गया था। इस पर सीडीओ ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाए कि हस्ताक्षर होने के बाद भी पत्र को इतने दिनों तक क्यों रोका गया?

छोटी लापरवाही भी बन सकती है भ्रष्टाचार का विषय

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां गंभीर रूप ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि फाइल पर हस्ताक्षर होने के बाद भी उसे रोककर रखना और समय से डिस्पैच नहीं करना सामान्य लापरवाही नहीं मानी जा सकती। ऐसी स्थिति भ्रष्टाचार का विषय बन सकती है।

कार्यालयीय व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

सीडीओ ने बताया कि विभिन्न विभागों और आम नागरिकों की ओर से भेजे जाने वाले पत्र कार्यालय में प्राप्त होने के बाद समयबद्ध तरीके से संबंधित पटल तक नहीं पहुंचाए जा रहे हैं। इसके कारण संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई में अनावश्यक देरी हो रही है और कार्यालय के कामकाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

इस मामले में जिला विकास कार्यालय में तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती सीमा टम्टा को निर्देशित किया गया है कि वह पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर अपना तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें।

CDO का सख्त संदेश: काम में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने साफ किया है कि सरकारी कार्यालयों में कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पदीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें

उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।

चैनल फॉलो करें
यह ख़बर अच्छी लगी? दोस्तों के साथ शेयर करें! फेसबुक पर i7 News के आधिकारिक पेज (@I7Newsnainital) से जुड़ें
प्रकाशित: 27 November, 2026 5:19 PM
संपादकीय लेखक

Rihan Khan

i7 News डिजिटल न्यूज़ डेस्क रिपोर्टर। उत्तराखंड, कुमाऊं व राष्ट्रीय समाचारों की निष्पक्ष एवं त्वरित रिपोर्टिंग।

सभी लेख देखें (805 समाचार)