नैनीताल, 26 नवंबर 2026।

नैनीताल स्थित कुमाऊं मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास के दौरान अग्निकांड जैसी आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, राहत एवं बचाव कार्यों और आपसी समन्वय की पड़ताल की गई। मॉक ड्रिल में कुछ महत्वपूर्ण खामियां भी सामने आईं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दोपहर 12:17 बजे मिली आग लगने की सूचना
मॉक अभ्यास के तहत अपराह्न 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं निकलने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन और राहत एवं बचाव दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
20 मिनट में पहुंची फायर और SDRF की टीमें
सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही एंबुलेंस और अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार सभी विभागों का रिस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की गई।
दो झुलसे और तीन घायल कर्मचारियों को निकाला
मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने से दो कर्मचारियों के झुलसने और अफरातफरी के बीच तीन अन्य कर्मचारियों के घायल होने की स्थिति बनाई गई। राहत एवं बचाव दल ने सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई और इसके बाद आग बुझाने तथा फंसे हुए कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। सभी पांच कर्मचारियों को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
इसके अलावा आसपास के भवनों की सुरक्षा जांच, संवेदनशील क्षेत्रों की बैरिकेडिंग और संभावित खतरों को नियंत्रित करने की कार्रवाई भी की गई।
फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम, बड़े वाहन के रास्ते में भी बाधा
मॉक ड्रिल के दौरान सबसे महत्वपूर्ण खामी कमिश्नरी और जिला न्यायालय के समीप लगे फायर हाइड्रेंट में सामने आई। जांच में इनका पानी का प्रेशर कम पाया गया। वहीं, बिजली और अन्य केबलों के पोल पर झूलते रहने के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका।
इन खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ऐतिहासिक इमारतों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
मंडलायुक्त ने जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि नैनीताल की ऐतिहासिक और लकड़ी से निर्मित इमारतों सहित आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में लगे सभी फायर हाइड्रेंट का प्रेशर चेक किया जाए। जहां भी कमियां मिलें, उन्हें वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारियों को बिजली के तारों के साथ अन्य केबलों का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों का आकलन करने को कहा, जहां अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते या रास्तों में सीढ़ियां बन जाने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारी का हुआ परीक्षण
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। उन्होंने बताया कि यह अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, हालांकि सामने आई कमियों को दूर करना भी जरूरी है।
इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें
उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।