हल्द्वानी, 28 नवंबर 2026। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में नगर निगम की सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, खेती की जमीन पर जबरन कब्जा, मुआवजा, बीमा धनराशि में धोखाधड़ी, सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान समेत कई मामले सामने आए। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की होगी जांच
जनसुनवाई में कुछ वार्डों के लोगों ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नियमित सफाई कराने की मांग की। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी सफाई कर्मचारी अपने निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
निजी अमीनों द्वारा भूमि पैमाइश पर जताई नाराजगी
भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में राधिका देवी ने शिकायत की कि निजी अमीन द्वारा उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही तरीके से नहीं किया गया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने आम जनता से अपील की कि अपनी भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई निजी अमीन किसी निजी भूमि का सीमांकन करते हुए मौके पर पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चार लाख रुपये लेकर भी नहीं दिया कमरा, आयुक्त ने वापस कराने के दिए निर्देश
दमुवांढूंगा निवासी प्रेमा देवी ने शिकायत की कि उन्होंने क्षेत्र में एक कमरा खरीदने के लिए चार लाख रुपये दिए थे, लेकिन भवन स्वामी ने न तो उन्हें कमरा दिया और न ही धनराशि वापस की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित विक्रेता को कार्यालय में तलब किया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी समझौते के आधार पर विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने निर्धारित समयसीमा के भीतर धनराशि लौटाने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में इन मामलों की भी उठीं शिकायतें
जनसुनवाई में मुनस्यारी के लोगों ने वन पंचायत गठन का मामला उठाया। गोदावरी देवी ने अपनी धनराशि वापस दिलाने की मांग की। वहीं सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने लंबित सेवा संबंधी भुगतान कराने की शिकायत रखी।
इसके अलावा सरस्वती कबडवाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाने से रोके जाने का मामला उठाया। ग्राम बजून में सड़क निर्माण, खेती की भूमि पर जबरन कब्जा, मुआवजा और बीमा की धनराशि में कथित धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें भी जनसुनवाई में पहुंचीं।
अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
आयुक्त दीपक रावत ने कैंप कार्यालय में एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
जनसुनवाई में दिए गए निर्देशों के बाद अब नगर निगम की सफाई व्यवस्था, भूमि पैमाइश और अन्य शिकायतों पर संबंधित विभागों की कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी।