राष्ट्रीय

सरस मेले में आयुक्त दीपक रावत ने की खरीदारी, मेयर गजराज सिंह बिष्ट बोले– कुमाऊं का जलता दीपक है सरस मेला

शेयर करें: WhatsApp Facebook Twitter
सरस मेले में आयुक्त दीपक रावत ने की खरीदारी, मेयर गजराज सिंह बिष्ट बोले– कुमाऊं का जलता दीपक है सरस मेला

हल्द्वानी। सरस आजीविका मेला 2026 के पांचवें दिन शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खरीदारी की रौनक देखने को मिली। मेले में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, 51 किलो फूलों से खेली गई फूलों की होली ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से खरीदे पहाड़ी उत्पाद

मेले के दौरान आयुक्त दीपक रावत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत लगाए गए ऋषेश्वर बाबा स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर पहुंचे। यह समूह चंपावत जिले के लोहाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत रायकोट कुंवर से जुड़ा है। आयुक्त ने यहां तड़का पैन, पहाड़ी चावल समेत अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की।

आयुक्त द्वारा खरीदारी किए जाने पर स्टॉल संचालक अलका राज और आरती ने खुशी जाहिर करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उनके उत्पादों को नई पहचान दिलाने में मदद करता है।

मेयर बोले– कुमाऊं का जलता दीपक है सरस मेला

कार्यक्रम में हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने सरस मेले की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला कुमाऊं मंडल के लिए जलते दीपक की तरह है, जो ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की रोशनी को चारों ओर फैला रहा है।

उन्होंने कहा कि सरस मेला केवल खरीदारी और व्यापार का मंच नहीं है, बल्कि यह हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण प्रतिभाओं का जीवंत उत्सव भी है। इस दौरान आयुक्त दीपक रावत के आग्रह पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने शायरी भी प्रस्तुत की।

51 किलो फूलों की होली ने बांधा समां

सरस मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण सूचना विभाग में पंजीकृत आंचल कला केंद्र, हल्द्वानी की प्रस्तुति रही। कलाकारों ने 51 किलो फूलों से फूलों की होली खेलकर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस दौरान ‘कान्हा मोहे ऐसो बनायो मोर, नाचूं ता ता थई थई’ गीत पर कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कुमाऊनी गीतों पर झूमे दर्शक

कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भी अपनी गायकी का हुनर दिखाया। उन्होंने सुप्रसिद्ध कुमाऊनी गीत ‘लाल चुन्नी थल की बाजारा’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मनोरंजन किया।

वहीं, सुप्रसिद्ध कुमाऊनी गायक ललित मोहन जोशी ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘हल्द्वानी में गाड़ी चली शुरू-शुरू’ और ‘रानीखेत बै भर्ती हैयू रेजिमेंट कुमाऊं’ जैसे गीतों से माहौल को पहाड़ी रंग में रंग दिया। गीत-संगीत की इन प्रस्तुतियों पर दर्शक खूब झूमे।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्य दर्जा मंत्री नवीन वर्मा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक राहुल सिंह डांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनता नजर आ रहा है।

i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें

उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।

चैनल फॉलो करें
यह ख़बर अच्छी लगी? दोस्तों के साथ शेयर करें! फेसबुक पर i7 News के आधिकारिक पेज (@I7Newsnainital) से जुड़ें
प्रकाशित: 29 November, 2026 12:39 AM
संपादकीय लेखक

Rihan Khan

i7 News डिजिटल न्यूज़ डेस्क रिपोर्टर। उत्तराखंड, कुमाऊं व राष्ट्रीय समाचारों की निष्पक्ष एवं त्वरित रिपोर्टिंग।

सभी लेख देखें (815 समाचार)