पहले स्मृति दिवस पर याद किया गया 50 वर्षों का क्रांतिकारी संघर्ष, वक्ताओं ने कहा- राजा बहुगुणा के विचार और आंदोलन आज भी प्रासंगिक


हल्द्वानी, 28 नवंबर। भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता कॉमरेड राजा बहुगुणा के पहले स्मृति दिवस पर हल्द्वानी नगर निगम सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनके जीवन संघर्ष, राजनीतिक यात्रा और सामाजिक आंदोलनों में दिए गए योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और जन आंदोलनों से जुड़े लोगों ने कॉमरेड राजा बहुगुणा को याद करते हुए उनके विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
‘अनथक योद्धा’ पुस्तक का किया गया विमोचन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कॉमरेड राजा बहुगुणा के संस्मरणों पर आधारित पुस्तक ‘अनथक योद्धा’ का विमोचन रहा। पुस्तक का संयुक्त रूप से विमोचन भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य संजय शर्मा, किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव पुरुषोत्तम शर्मा, भाकपा (माले) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी, जनकवि बल्ली सिंह चीमा, राजेन्द्र प्रथोली, बहादुर सिंह जंगी, आनंद नेगी, केके बोरा, विमला रौथाण, उनकी पत्नी रेखा, भाई राजीव बहुगुणा, बेटी संयुक्ता, पुस्तक के संपादक गिरिजा पाठक और डॉ. कैलाश पाण्डेय ने किया।
‘राजा बहुगुणा नैसर्गिक क्रांतिकारी थे’
कॉमरेड राजा बहुगुणा के लंबे समय तक साथी रहे राजेन्द्र प्रथोली ने कहा कि राजा भाई का लगभग 50 वर्षों का क्रांतिकारी जीवन रहा। वे नैसर्गिक क्रांतिकारी थे। उनके विचारों और संघर्षों में किसी तरह का दिखावा या बनावट नहीं थी। उनका पूरा जीवन जनहित और संघर्षों के प्रति समर्पित रहा।
प्रतिबद्ध क्रांतिकारी थे राजा भाई
किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि राजा बहुगुणा एक प्रतिबद्ध क्रांतिकारी थे। उन्होंने न केवल खुद संघर्ष किया, बल्कि कई अन्य प्रतिबद्ध क्रांतिकारियों को तैयार करने का काम भी किया। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
जनकवि बल्ली सिंह चीमा के गीतों को भी मिली थी प्रेरणा
जनकवि बल्ली सिंह चीमा ने अपने संबोधन में राजा बहुगुणा के साथ बिताए लंबे समय को याद किया। उन्होंने कहा कि राजा भाई उनके कई जनगीतों की रचना की प्रेरणा बने। इनमें ‘दाम बांधो काम दो, वरना गद्दी छोड़ दो’ और ‘लफ्फाजो पाखंड नहीं अब जंग चाहिए, संघर्ष करो कि अब उत्तराखंड चाहिए’ जैसे गीत शामिल हैं।
कई जन आंदोलनों में रही महत्वपूर्ण भूमिका
भाकपा (माले) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि वन आंदोलन, नशा नहीं रोजगार दो आंदोलन, उत्तराखंड राज्य आंदोलन, बिंदुखत्ता आंदोलन और महतोष मोड़ आंदोलन सहित कई जन संघर्षों में कॉमरेड राजा बहुगुणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके संघर्षों ने बड़ी संख्या में लोगों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार की कथित फासीवादी तानाशाही के खिलाफ आंदोलन खड़ा करना ही कॉमरेड राजा बहुगुणा की विरासत को आगे बढ़ाने का सबसे उपयुक्त कदम होगा।
बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में संजय शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, इंद्रेश मैखुरी, बल्ली सिंह चीमा, राजेन्द्र प्रथोली, बहादुर सिंह जंगी, आनंद नेगी, केके बोरा, विमला रौथाण, रेखा, राजीव बहुगुणा, संयुक्ता, गिरिजा पाठक, डॉ. कैलाश पाण्डेय, एडवोकेट कैलाश जोशी, एडवोकेट दुर्गा सिंह मेहता, एडवोकेट अमनदीप कौर, यतीश पंत, प्रकाश फूलोरिया, आशुतोष उपाध्याय, जगमोहन रौतेला, भुवन पाठक, दिनेश तिवारी, जोगेंद्र लाल, मोहन सिंह, प्रभात पाल, अजय जोशी, नफीस अहमद खान सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और जन संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से वक्ताओं ने कॉमरेड राजा बहुगुणा के संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए कहा कि उनके विचार, जनपक्षधर राजनीति और आंदोलनों में सक्रिय भूमिका हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।