हल्द्वानी। राष्ट्रीय सरस मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्टार नाइट ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।


महिला स्वयं सहायता समूहों को मिल रहा बाजार
विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की बिक्री, विपणन और ब्रांडिंग के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पाद व्यापक बाजार तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मेले में पहुंचकर विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों के गुणवत्तायुक्त उत्पादों की खरीदारी करें और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करें।

‘म्यर हिमाला’ गीत गाकर विधायक ने जीता दिल
कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड की संस्कृति और मातृभूमि के प्रति समर्पित गीत “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी गायकी ने मेले में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी प्रस्तुति का स्वागत किया।
नीरज उप्रेती की गायकी पर झूमे दर्शक
सरस मेला स्टार नाइट में सारेगामापा फेम प्रसिद्ध लोक गायक नीरज उप्रेती ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं’ जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सुरीली आवाज और शानदार मंचीय अंदाज स्टार नाइट का प्रमुख आकर्षण रहा।
बांसुरी की धुन ने बांधा समां
प्रसिद्ध बांसुरी वादक मोहन जोशी ने लोकप्रिय गीत ‘कैले बाजे मुरली’ की मधुर धुन बांसुरी पर प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। बांसुरी के सुरीले स्वरों से पूरा वातावरण संगीतमय हो गया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनकी प्रस्तुति की सराहना की।
26 नवंबर को भी सजेगी स्टार नाइट
सरस मेले में 26 नवंबर को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। स्टार नाइट के अंतर्गत लोकवाणी एसोसिएट (माया उपाध्याय), कमल जीत बैंड और पंकज नेगी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, योग एवं सांस्कृतिक परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष योगाचार्य डॉ. हेमंत जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
i7News | हल्द्वानी
i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें
उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।