देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने समस्त साध संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं बेहतर समाज का आधार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं मानव जीवन को सही दिशा दिखाती हैं। इनमें परमात्मा का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करके आजीविका अर्जित करना और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करना शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाए तो एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
‘सरबत दा भला’ की भावना का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना करने का संदेश देती है। यह भावना समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानवता को मजबूत करती है।
देश की सेवा में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय
सीएम धामी ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता तक सिख समाज का योगदान हमेशा अनुकरणीय रहा है।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धा के साथ संजोई जाती हैं।
हेमकुंट साहिब रोपवे से श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने श्री हेमकुंट साहिब का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में स्थित यह पवित्र धाम विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
साध संगत की रही बड़ी मौजूदगी
कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में साध संगत मौजूद रही।
i7 News के आधिकारिक WhatsApp चैनल से जुड़ें
उत्तराखंड, हल्द्वानी व देश की हर बड़ी ब्रेकिंग न्यूज़ सीधे अपने WhatsApp पर तुरंत प्राप्त करें।