दुत्कानेधार विद्यालय के वार्षिक महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, हरीश पनेरू ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
रामगढ़/भीमताल | I7 NEWS
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड रामगढ़ अंतर्गत ग्राम दुत्कानेधार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय जनता ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। लोक संस्कृति, गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए हरीश पनेरू ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और संस्कारों को जीवन का मूल मंत्र बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है।

उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।
I7 NEWS DESK
सच की आवाज़
